गारमेंट प्लांट पर पुलिस ने मारा छापा: छह बालश्रमिक मुक्त करा किया सिलाई ठेकेदार को गिरफ्तार

0
15
Cunning thief arrested for stealing ₹3 lakh from a marriage garden.

जयपुर। राजधानी के मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में बालश्रम करवाने का मामला सामने आया है। नीलगिरी कॉलोनी रोड नंबर-9 स्थित मोनिका गारमेंट्स पर पुलिस ने छापेमारी कर सिलाई का काम कर रहे छह नाबालिग बच्चों को मुक्त करवाया। बच्चों से एक मकान के प्रथम तल पर बने हॉल में गंदगी और बदबू के बीच सिलाई करवाई जा रही थी। पुलिस ने बालश्रम करवाने के आरोप में सिलाई ठेकेदार मोहम्मद जाहिर (29) निवासी अलीनगर कलां, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। मुक्त करवाए गए सभी बच्चों को संरक्षण के लिए प्रयास जेएसी सोसायटी, जयपुर के सुपुर्द किया गया है।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि मानव तस्करी विरोधी यूनिट, जयपुर पश्चिम को सूचना मिली थी कि मुरलीपुरा थाना क्षेत्र की नीलगिरी कॉलोनी स्थित एक मकान में बच्चों से बालश्रम करवाया जा रहा है। इस पर मुरलीपुरा थाना पुलिस और मानव तस्करी विरोधी यूनिट की संयुक्त टीम ने गारमेंट प्लांट पर दबिश दी। पुलिस टीम सादा वस्त्रों में निजी वाहन से लैपटॉप, प्रिंटर और अनुसंधान बॉक्स लेकर मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान प्रयास जेएसी सोसायटी के समन्वयक सईद खान और महेश बंजारा भी टीम के साथ मौजूद रहे।

मैले कपड़ों में सिलाई मशीनों पर मिले बच्चे

पुलिस टीम ने मकान के प्रथम तल पर बने हॉल की जांच की तो वहां छह नाबालिग बच्चे सिलाई मशीनों पर कपड़े सिलते मिले। सभी बच्चे मैले-कुचैले कपड़ों में थे। हॉल में कपड़े और अन्य सामान बिखरा हुआ था तथा वहां दुर्गंध और गंदगी का माहौल था। पुलिस ने ई-साक्ष्य एप के माध्यम से मौके की वीडियोग्राफी कर साक्ष्य अपलोड किए। बच्चों ने पूछताछ में बताया कि वहां मौजूद ठेकेदार मोहम्मद जाहिर उनसे सिलाई का काम करवाता था। सिलाई में गलती होने पर वह उन्हें डांटता था।

सुबह 8 से रात 9 बजे तक करवाता था काम

जांच में सामने आया कि बच्चों से सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक लगातार काम करवाया जाता था। ठेकेदार उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी ध्यान नहीं रखता था। बच्चों को लंबे समय तक एक ही स्थान पर रखकर सिलाई का काम करवाने और उन्हें शारीरिक व मानसिक कष्ट देने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने मौके से सिलाई में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया है।

सिलाई का सामान जब्त, संस्था को सौंपे बच्चे

पुलिस ने मौके से छह कैंची, चार छोटी धागा कट्टी, चार बड़ी धागा कट्टी, छह अर्धनिर्मित लेडीज पायजामे, दो अर्धनिर्मित कुर्तियां और दो तैयार प्रिंटेड पायजामे जब्त किए। मुक्त करवाए गए छहों बच्चों को संरक्षण के लिए प्रयास जेएसी सोसायटी के समन्वयक सईद खान को अस्थायी रूप से सुपुर्द किया गया है।

यह कार्रवाई एडिशनल डीसीपी (एसआईयूसीएडब्ल्यू) मनराज और झोटवाड़ा एसीपी शिव कुमार भारद्वाज के निर्देशन में मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील तथा मानव तस्करी विरोधी यूनिट, जयपुर पश्चिम के प्रभारी रामशरण के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने ठेकेदार मोहम्मद जाहिर के खिलाफ मामला दर्ज कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के तहत नोटिस दिया है। उसे निर्धारित समय पर न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया है। मामले की जांच मुरलीपुरा थाना पुलिस कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here