शॉर्ट सर्किट से विला में लगी आग: दंपती और दो बेटियों के चेहरे झुलसे

0
17

जयपुर। राजधानी के नारायण विहार थाना क्षेत्र के मांग्यावास स्थित कीर्ति नगर में गुरूवार तड़के एक विला में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे के समय ऊपरी मंजिल पर सो रहे परिवार के कमरे में अचानक लपटें फैल गईं। आग बुझाने और बच्चों को बाहर निकालने के प्रयास में दंपती और उनकी दो बेटियों के चेहरे झुलस गए। वहीं, नीचे की मंजिल पर सो रहे बुजुर्ग दादा ने तत्परता दिखाते हुए छह साल के पोते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आसपास के लोगों की मदद से पूरे परिवार को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार अजमेर रोड स्थित डीसीएम में ऑटोमोबाइल व्यवसाय करने वाले नीरज (43) मंगलवार रात पत्नी गौरी (40), 10 और 12 साल की दो बेटियों तथा छह वर्षीय बेटे के साथ विला की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। गुरूवार सुबह करीब 5 बजे कमरे में बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने कपड़ों और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया।

सर्दी के कारण शुरुआत में परिवार को आग लगने का पता नहीं चला। कुछ देर बाद आग बिस्तरों तक पहुंची और कमरे में धुआं भर गया। दम घुटने से परिवार की नींद खुली तो कमरा लपटों से घिरा हुआ था।

आग देखकर पति-पत्नी घबरा गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत जुटाकर शोर मचाया और बच्चों को जगाकर बाहर निकालने के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान नीरज, उनकी पत्नी गौरी और दोनों बेटियों के चेहरे झुलस गए।

दादा ने पोते को गोद में उठाकर बचाया

परिवार की चीख-पुकार सुनकर ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे नीरज के बुजुर्ग दादा तुरंत ऊपर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए छह साल के पोते को गोद में उठाया और सुरक्षित बाहर ले आए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और परिवार के अन्य सदस्यों को बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया और सभी को अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों के अनुसार आग की लपटों के सीधे संपर्क में आने से दंपती और दोनों बेटियों के चेहरे झुलसे हैं, जबकि शरीर के बाकी हिस्से सुरक्षित हैं। सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट सामने आई है। समय रहते परिवार को बाहर निकालने और आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here