पुलिस की पीसीआर वैन में शराब पार्टी करने के मामले में पांच युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

0
28

जयपुर। एसएमएस अस्पताल थाना क्षेत्र के सरकारी पुलिस वाहन में अनधिकृत रूप से घुसकर शराब पीने, राजकीय उपकरणों से छेड़छाड़ करने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले में पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 13 सितंबर 2026 को थाना क्षेत्र स्थित सवाना बार के बाहर सरकारी वाहन में शराब पार्टी करते हुए वीडियो बनाया था। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने गुरुवार को बताया कि सरकारी पुलिस वाहन में शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले की तस्दीक करवाई गई। जांच के दौरान सवाना बार के संचालक से पूछताछ की गई। इसके आधार पर वीडियो में दिखाई दे रहे पांच युवकों की पहचान भव्य खण्डेलवाल, आशुतोष चक्रवर्ती, गोपाल, मृणाल और अमन जैन के रूप में हुई।

पुलिस ने पांचों के खिलाफ एसएमएस अस्पताल थाने में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 356(2) व 356(3), आईटी एक्ट की धारा 66 और पीडीपीपी एक्ट की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले की जांच मोती डूंगरी थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक मोहनलाल को सौंपी गई है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here