जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत मांगने के मामले में फरार चल रहे मुहाना थाने के कांस्टेबल सुरेश चंद चौधरी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कांस्टेबल पर परिवादी के खिलाफ दर्ज परिवाद में कार्रवाई नहीं करने और राजीनामा करवाने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। मामले में उसका सहकर्मी कांस्टेबल नोरत मीणा पहले ही 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसीबी के अनुसार मुख्यालय में दर्ज प्रकरण में मुहाना थाना, जयपुर दक्षिण आयुक्तालय में तैनात कांस्टेबल नोरत मीणा और सुरेश चंद चौधरी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान 21 जुलाई 2026 को दोनों कांस्टेबलों की ओर से 50 हजार रुपए रिश्वत मांगना और 20 हजार रुपए लेने पर सहमत होना प्रमाणित हुआ था।
इसके बाद एसीबी ने 23 जुलाई को ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान कांस्टेबल नोरत मीणा को 20 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया था। उसे न्यायालय में पेश किया गया। वहीं ट्रैप कार्रवाई की भनक लगने पर कांस्टेबल सुरेश चंद चौधरी अपने कार्यस्थल और निवास स्थान से फरार हो गया था। तब से एसीबी उसकी तलाश कर रही थी।
जिस पर एसीबी मुख्यालय की चौकी एसआईडब्ल्यू की ओर से मामले का अनुसंधान किया जा रहा है। जिस पर गुरुवार को जांच अधिकारी पुलिस उप अधीक्षक सुरेंद्र पंचोली ने फरार आरोपी कांस्टेबल सुरेश चंद चौधरी को गिरफ्तार किया।

















