सोडाला में कचरा पॉइंट का कायाकल्प: वॉल पेंटिंग और रंगोली से संवारा सार्वजनिक स्थल

0
14

जयपुर। जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियानों के तहत सिविल लाइंस जोन के सोडाला में अजमेर रोड स्थित हाईवे किनारे बने कचरा पॉइंट का कायाकल्प किया गया। क्लीन स्वीप ड्राइव के तहत नगर निगम ने यहां सफाई करवाने के साथ वॉल पेंटिंग और आकर्षक रंगोली बनाकर सार्वजनिक स्थल का सौंदर्यीकरण किया।

नगर निगम महापौर सुनील कोठारी और आयुक्त ओम कसेरा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइंस जोन के उपायुक्त की देखरेख में यह कार्य करवाया गया। स्थानीय लोगों की ओर से कचरा डालने के कारण यह स्थान गंदगी का केंद्र बन गया था। अभियान के दौरान पहले यहां जमा कचरे को हटाया गया और विशेष साफ-सफाई करवाई गई। इसके बाद दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी और सुंदर रंगोली बनाकर स्थल को नया स्वरूप दिया गया।

नगर निगम का उद्देश्य शहर के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने के साथ उनका सौंदर्यीकरण करना और ऐसे स्थानों पर दोबारा कचरा एकत्रित होने से रोकना है। निगम अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के नवाचारों से आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और नागरिकों की भागीदारी को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

नगर निगम की ओर से आमजन से खुले में कचरा नहीं डालने, कचरा संग्रहण वाहनों का उपयोग करने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई है। निगम का कहना है कि शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here