जयपुर में सातवें राष्ट्रीय सनातन अधिवेशन का भव्य आयोजन: देशभर के संत-महात्माओं ने लिया भाग

0
8
Grand organization of the seventh National Sanatan Convention in Jaipur
Grand organization of the seventh National Sanatan Convention in Jaipur

जयपुर। छोटी काशी जयपुर के विद्याधर नगर सेक्टर-4 स्थित जांगिड़ ब्राह्मण महासभा भवन में ब्रह्मराष्ट्र एकम् विश्व महासंघ न्यास, काशी की ओर से सातवें राष्ट्रीय सनातन अधिवेशन का भव्य आयोजन किया गया। दो दिवसीय अधिवेशन का उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन, राष्ट्र चेतना, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरण तथा युवा पीढ़ी में सनातन मूल्यों का प्रसार करना रहा।

प्रदेश अध्यक्ष मनोज बियानी ने बताया कि अधिवेशन के प्रथम दिन 26 नवंबर को कार्यक्रम का शुभारंभ मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ। श्री जागेश्वर महादेव एवं राधा गोविंद मंदिर से निकली कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल पहुंची। यहां धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण में यात्रा का समापन हुआ।

अधिवेशन में देशभर से आए संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, विद्वानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर श्रीकुल पीठाधीश्वर डॉ. सचिन्द्र नाथ महाराज सहित अनेक संत-महंतों का सानिध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संत-महंतों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

अधिवेशन के दौरान संतों और वक्ताओं ने सनातन संस्कृति की महत्ता, उसके संरक्षण, राष्ट्र निर्माण में आध्यात्मिक चेतना की भूमिका और सामाजिक एकता जैसे विषयों पर विचार रखे। वक्ताओं ने युवा पीढ़ी तक सनातन मूल्यों को पहुंचाने और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर आयोजन में पधारे संत-महंतों का पदाधिकारियों केशव अरोड़ा, मनोज बियानी, राजेंद्र कुमार शर्मा (जांगिड़) और अनुराग महर्षि ने स्वागत एवं सम्मान किया। पूरे आयोजन में सनातन संस्कृति के प्रति आस्था, एकता और सांस्कृतिक जागरण का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here