कैंसर के नए उपचारों और तकनीकों पर जयपुर में होगा मंथन

0
26

जयपुर। कैंसर के उपचार में हो रहे नवीनतम शोध, विकसित हो रही दवाओं और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर चर्चा के लिए जयपुर में दो दिवसीय ‘बेस्ट ऑफ ईएसएमओ इंडिया 2026’ कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। एचसीजी कैंसर सेंटर जयपुर की ओर से ग्लोबल हेल्थकेयर एकेडमी के माध्यम से 28 और 29 नवंबर को आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में कैंसर रोग विशेषज्ञों और ऑन्कोलॉजी क्षेत्र से जुड़े करीब 300 चिकित्सा पेशेवर हिस्सा ले रहे हैं। कॉन्फ्रेंस में नए उपचारों और पद्धतियों को भारतीय चिकित्सा दिशानिर्देशों में शामिल करने की संभावनाओं पर भी मंथन होगा।

आयोजन अध्यक्ष डॉ. नरेश सोमानी और सचिव डॉ. जितेंद्र पहलजानी के नेतृत्व में हो रही इस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य कैंसर उपचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही वैज्ञानिक प्रगति और आधुनिक तकनीकों से चिकित्सा विशेषज्ञों को अवगत कराना है। कैंसर पैथोलॉजी कार्यशाला की आयोजन सचिव डॉ. इशिता गुप्ता ने एनजीएस (नेक्स्ट जनरेशन सीक्वेंसिंग) जैसी अत्याधुनिक जांच पद्धतियों में हो रही प्रगति की जानकारी दी। वहीं, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ और रेडियोथेरेपी कार्यशाला की सचिव डॉ. मीतू जैन की टीम नई तकनीकों से रेडियोथेरेपी करने के तरीकों पर जानकारी देगी।

कैंसर सर्जन डॉ. कपिल देव ने बताया कि एडवांस्ड ओवेरियन और आंतों के कैंसर में एचआईपीईसी (हाइपरथर्मिक इंट्रापेरिटोनियल कीमोथेरेपी) जैसी जटिल सर्जरी पर पार्क अस्पताल, मानसरोवर में कार्यशाला आयोजित की जा रही है।

आयोजन अध्यक्ष डॉ. नरेश सोमानी ने कहा कि कैंसर उपचार के क्षेत्र में लगातार नई प्रगति हो रही है। ऐसे में चिकित्सकों का नवीनतम चिकित्सा जानकारियों से अपडेट रहना और आपसी संवाद बनाए रखना जरूरी है। इस तरह के सम्मेलन बेहतर कैंसर देखभाल की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. जितेंद्र पहलजानी के अनुसार, कॉन्फ्रेंस में 60 से अधिक अनुसंधान पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। दोनों दिन रेजिडेंट चिकित्सकों के लिए कैंसर उपचार के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर आधारित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित होगी। इससे चिकित्सा विशेषज्ञों को अपने अनुभव साझा करने और बेहतर उपचार दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर मिलेगा।

कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन अवसर पर कैंसर के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए बेंगलुरु के डॉ. बी.एस. अजय कुमार, डॉ. भरत गढ़वी और डॉ. विजय कुमार, जोधपुर के डॉ. गिरधर भाटी तथा जयपुर के डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. नरेश राय और डॉ. एम.एल. यादव को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। कैंसर के क्षेत्र में सामाजिक कार्यों के लिए अनिला कोठारी और डॉ. रिम्मी शेखावत को भी सम्मानित किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में राजस्थान आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. सुधीर भंडारी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि एसएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here