जयपुर में जुटेंगी खेल-मनोरंजन और उद्योग जगत की हस्तियां: ‘गेम चेंजर्स विजन 2026’ कॉन्क्लेव का आयोजन

0
15

जयपुर। खेल—मनोरंजन, उद्योग और नेतृत्व जगत की कई प्रमुख हस्तियां रविवार को जयपुर में एक मंच पर जुटेंगी। होटल क्लार्क्स आमेर में ‘गेम चेंजर्स विजन 2026-नेशनल स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव एंड लीडरशिप समिट’ का आयोजन किया जाएगा। कॉन्क्लेव में ओलंपिक पदक विजेता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में भारतीय खेलों के भविष्य, कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत की महत्वाकांक्षा और तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।

एटलेंटर स्पोर्ट्स की ओर से 100 मेडल्स फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस समिट में अभिनेता रणविजय सिंहा और ऋत्विक धनजानी, अंतरराष्ट्रीय पहलवान संग्राम सिंह, एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता राहुल चौधरी, मोटरस्पोर्ट्स चैंपियन ऐश्वर्या पिस्से और भारत के ब्लेड रनर मेजर डीपी सिंह सहित खेल एवं मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी।

इसके अलावा सांसद डॉ. हेमांग जोशी, उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. अभिषेक वर्मा, अंतरराष्ट्रीय उद्यमी अंका वर्मा और अभिनेता-उद्यमी कुलदीप सिंघानिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित अतिथि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

‘शेपिंग द फ्यूचर ऑफ इंडियन स्पोर्ट्स 2026-2036’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में चार प्रमुख विषयों पर पैनल चर्चाएं होंगी। इनमें वर्ष 2036 तक भारतीय खेलों की तैयारियां, खिलाड़ियों का विकास और खेल पारिस्थितिकी तंत्र, खेलों में निवेश एवं बुनियादी ढांचा तथा नेतृत्व, समावेशिता और खेलों के भविष्य जैसे विषय शामिल हैं। इसके साथ ही खिलाड़ियों, खेल प्रशासकों, संस्थानों और खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में 500 से अधिक आमंत्रित अतिथियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। कॉन्क्लेव का उद्देश्य खेल जगत, सरकार, उद्योग, निवेशकों, संस्थानों और युवा प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर भारतीय खेलों के विकास के लिए सहयोग और नए अवसरों को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम रविवार को शाम 3:30 बजे से होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here