खादी ग्रामोद्योग मेले में शुद्ध तेल और पारंपरिक उत्पादों की धूम: ग्राहकों के सामने घाणी से निकल रहा शुद्ध तेल

0
15
Pure oils and traditional products take center stage at the Khadi and Village Industries fair
Pure oils and traditional products take center stage at the Khadi and Village Industries fair

जयपुर। राजस्थान खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से जयपुर के बजाज नगर में आयोजित खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 2026-27 में पारंपरिक उत्पादों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। 20 नवंबर 2026 से शुरू हुई यह प्रदर्शनी 13 जनवरी 2027 तक चलेगी। बजाज नगर में गांधीनगर रेलवे स्टेशन तथा केंद्रीय विद्यालय के सामने स्थित परिसर में आयोजित इस 55 दिवसीय मेले में खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध कराई गई है।

प्रदर्शनी में चित्तौड़गढ़ से आई देव तेल घाणी उद्योग की स्टॉल संख्या 190-91 विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां ग्राहकों को उनके सामने ही पारंपरिक घाणी चलाकर तिल्ली, मूंगफली और सरसों का तेल निकालकर दिया जा रहा है। इससे ग्राहक तेल निकालने की पूरी प्रक्रिया अपनी आंखों से देख सकते हैं और उत्पाद की शुद्धता को लेकर संतुष्ट हो सकते हैं। उद्योग के संचालक करण ने बताया कि यहां 100 प्रतिशत शुद्ध तेल उपलब्ध कराया जा रहा है।

मेले में सर्दी के मौसम को देखते हुए पारंपरिक खाद्य उत्पादों की भी अच्छी वैरायटी रखी गई है। चित्तौड़गढ़ का प्रसिद्ध तिलकुटा, देशी गुड़, तिल के लड्डू, तिलपट्टी, गजक और रेवड़ी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इसके अलावा शुद्ध ड्राई फ्रूट्स, खोपरे का तेल, तिल्ली का तेल, सरसों का तेल और मूंगफली का तेल भी उपलब्ध है। घरेलू उपयोग के लिए लकड़ी से निर्मित सामग्री सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुओं की भी बिक्री की जा रही है।

इस संबंध में देवीलाल साहू ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के साथ खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देना है। सर्दियों में तिलकुटा, ड्राई फ्रूट्स और पारंपरिक तेलों की मांग बढ़ जाती है, इसलिए मेले में इन उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता रखी गई है।

संचालक करण ने बताया कि देव तेल घाणी उद्योग के सभी उत्पाद बेहतर गुणवत्ता और शुद्धता के साथ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने जयपुर वासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर खरीदारी करने और स्थानीय एवं पारंपरिक व्यवसायों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

प्रदर्शनी के माध्यम से खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े कारोबारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए मंच मिल रहा है। वहीं, एक ही परिसर में शुद्ध खाद्य सामग्री, पारंपरिक व्यंजन और घरेलू उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध होने से जयपुर वासियों के लिए यह मेला खरीदारी का एक उपयोगी केंद्र बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here