दुकान का शटर उठाकर तांबा चोरी करने वाला शातिर नकबजन व खरीदार गिरफ्तार

0
27
Area Domination Campaign: Police arrest 33 suspects.
Area Domination Campaign: Police arrest 33 suspects.

जयपुर। राजधानी की सोडाला थाना पुलिस ने 22 गोदाम स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया 22 किलो तांबा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी कालू उर्फ जीतू (23) सवाई माधोपुर का निवासी है और वर्तमान में ज्योति नगर स्थित कठपुतली नगर कच्ची बस्ती में रह रहा था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्मैक व अन्य नशा करने का आदी है और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए ही वारदातों को अंजाम देता है। वहीं, चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी विशाल (29) मूलतः दिल्ली का रहने वाला है और यहां करतारपुरा रोड पर कबाड़ की दुकान चलाता है।

थानाधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि 31 जनवरी को परिवादी हरिप्रसाद शर्मा ने मामला दर्ज करवाया था कि 30 जनवरी की रात को चोरों ने उसकी दुकान शर्मा इलेक्ट्रिकल्स का शटर उठाकर करीब 2 लाख रुपये के कॉपर वायर और बंडल चोरी कर लिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की सूचना पर आरोपियों को दबोचा।

पुलिस जांच में सामने आया कि कालू और उसके साथी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच मुंह पर कपड़ा बांधकर दुकान में घुसते थे। टॉर्च की रोशनी में कीमती तांबे के तारों के बंडल कट्टे में भरकर मोटरसाइकिल से ले जाते थे। सुबह होते ही वे माल कबाड़ी को बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे।

वहीं जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने करीब 3-4 महीने पहले भी इसी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि मामले में वांछित अन्य आरोपियों—केदार और सन्नी हरिजन की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में एचसी रामनारायण, कांस्टेबल गणेश राम और जयपाल ने अहम भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here