जयपुर। मानसरोवर थाना इलाके में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस देखने को मिला है। वीटी रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से एक अज्ञात बदमाश ने धोखाधड़ी कर पीड़ित का कार्ड चुरा लिया और खाते से 2,33,500 रुपये पार कर दिए। पीड़ित कौशल कुमार गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित कौशल कुमार गुप्ता वीटी रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम पर नकदी निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात बदमाश ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर कुल 2,33,500 रुपये की बड़ी रकम निकाल ली।
ठगी का शिकार होने का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत मानसरोवर थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद्र ने जांच संभाली है। पुलिस की टीम एटीएम के आसपास और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।



















