जयपुर। राजधानी जयपुर में गुप्त वृन्दावन धाम के 14वें पाटोत्सव के तहत भक्ति और उल्लास का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। पाटोत्सव के तीसरे दिन भगवान श्रीकृष्ण और बलराम भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए भव्य रथ यात्रा पर निकले, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए भगवान के दिव्य रथ को सफेद मोगरे के फूलों से विशेष रूप से सजाया गया, जिससे वातावरण सुगंधित और भक्तिमय हो उठा। रथ पर सवार श्रीकृष्ण-बलराम के दर्शन के लिए मार्ग भर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
रथयात्रा की शुरुआत जगतपुरा फ्लाईओवर स्थित हरे कृष्ण मार्ग से हुई, जो खाटू श्याम सर्किल, राधा रानी सर्किल और अक्षय पात्र चौराहे से होते हुए जीवन रेखा हॉस्पिटल मार्ग से पुनः मंदिर परिसर पहुंची। जहां महाआरती के साथ यात्रा का समापन हुआ।
रथयात्रा के शुभारंभ से पूर्व स्वर्ण झाड़ू से मार्ग का शुद्धिकरण किया गया, जो परंपरा और श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान भक्तों ने रथ खींचकर अपनी आस्था प्रकट की।
मंदिर अध्यक्ष अमितासना दास ने रथयात्रा की महत्ता बताते हुए कहा कि जो श्रद्धालु भगवान के रथ का दर्शन करते हैं और उसे खींचते हैं, उन्हें विशेष आध्यात्मिक पुण्य की प्राप्ति होती है।
पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा, वहीं भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण-बलराम के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।




















