मर्सिडीज कार ने एक्टिवा को मारी भीषण टक्कर: 40 वर्षीय युवक की मौत

0
35


जयपुर। मालवीय नगर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसा सामने आया है। मॉडल टाउन के पास नाबार्ड कॉलोनी के सामने जगतपुरा रोड पर एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने पीछे से एक्टिवा सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक्टिवा सवार 40 वर्षीय श्रवण नाथ की जयपुरिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के बताए  अनुसार अशोक विहार, जगतपुरा निवासी श्रवण नाथ (40) सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे अपनी एक्टिवा से किसी काम से मालवीय नगर जा रहे थे। जैसे ही वे मॉडल टाउन के पास नाबार्ड कॉलोनी के सामने पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार मर्सिडीज ने उन्हें टक्कर मार दी।

घटना की सूचना पर मालवीय नगर थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल श्रवण को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुबह 4:52 बजे पुलिस ने मृतक के साले विवेक रावल को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।

मृतक के परिजनों ने घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी खंगाले, जिसमें तीन लेन की खाली सड़क के किनारे चल रहे स्कूटी सवार को पीछे से कार टक्कर मारते हुए साफ दिखाई दे रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि लग्जरी कार को एक युवती चला रही थी। सीसीटीवी फुटेज में यह भी सामने आया है कि टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ने अपेक्स सर्किल से कार को यू-टर्न लिया और वापस घटनास्थल की ओर से मुआयना करते हुए जगतपुरा की तरफ निकल गया। हादसे के दौरान मर्सिडीज कार की एक तरफ की हेडलाइट टूटकर सड़क पर ही गिर गई थी, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। पुलिस का मानना है कि इस हेडलाइट और सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन और उसके नंबर का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।

मालवीय नगर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं  के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई मुकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास की अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here