दस लाख के माल सहित शातिर नकबजन गिरफ्तार

0
39

जयपुर। सदर थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदात करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और दस्तावेज 100 प्रतिशत बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि सदर थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदात करने वाले शातिर नकबजन बीस वर्षीय सुरज सिंह उर्फ बित्तू निवासी मजदूर नगर हसनपुरा हाल राकड़ी सोडाला) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी सदर, सोडाला और श्याम नगर थानों में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं और वह जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए चार भारी चांदी के कड़े, दो हल्के कड़े, एक चांदी की माला व लॉकेट, दो कानों के झुमके, पांच छोटे लॉकेट, 14 जोड़ी पैरों की बिछुड़ी, एक कान का आभूषण, दो बड़े-छोटे लॉकेट सहित अन्य चांदी के आभूषण व दस्तावेज बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस टीम में विशेष भूमिका कांस्टेबल इंद्रजीत की रही। जिनके अथक प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे माल की बरामदगी संभव हो सकी।

सदर थानाधिकारी बृजमोहन कविया ने बताया कि 1 मार्च 2026 को शांति नगर हसनपुरा निवासी राजू राणा व मित्रपाल सिंह ने थाने में मामला दर्ज करवाया है कि 27 फरवरी को दोनों अपने-अपने गांव गए हुए थे और कमरों पर ताला लगा था। 28 फरवरी की रात लौटने पर मकान के ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी व दस्तावेज चोरी होना पाया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम राजेश गुप्ता के सुपरविजन और सहायक पुलिस आयुक्त धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपित को पकडा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here