पॉक्सो एक्ट का इनामी आरोपी नासिक से गिरफ्तार

0
176

जयपुर। सदर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित चल रहे इनामी आरोपी को महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर दो हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि 17 जनवरी 2026 को सदर थाना क्षेत्र में एक परिवाद दर्ज कराया गया था। परिवाद के अनुसार 17 दिसंबर 2025 की रात परिवादिया की 10 वर्षीय पुत्री के साथ जबरन छेड़छाड़ व अपहरण के प्रयास की घटना हुई।

बच्ची के शोर मचाने पर परिजन बाहर आए तो आरोपी उसे जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी पास ही किराये से रहने वाला महेश नामक व्यक्ति था। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी महेश लाल(32) निवासी पुरानी दिल्ली हाल सदर जयपुर की पहचान हुई। लेकिन वह अपने किराये के मकान व स्थायी पते से फरार मिला।

महिला व बाल अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर दो हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता के सुपरविजन व सहायक पुलिस आयुक्त धर्मवीर सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी बृजमोहन कविया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जहां टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोमवार को आरोपी को महाराष्ट्र के नासिक में साइकिल पंचर की दुकान पर काम करते हुए दस्तयाब कर लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर जयपुर लाया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज धाराओं में अपराध सिद्ध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here