जयपुर/सामोद। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नॉक आउट’ के तहत शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की है। सामोद थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उदयपुरिया गांव में दबिश देकर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 2.64 किलोग्राम अवैध गांजा और मादक पदार्थ की बिक्री के 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजनीश पूनियां के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को डीएसटी टीम को सूचना मिली कि उदयपुरिया कस्बे में महेन्द्र मीणा और कानाराम मीणा अवैध गांजा बेच रहे हैं। इस पर सामोद, गोविन्दगढ़, कालाडेरा और रेनवाल थानाधिकारियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी कानाराम मीणा अपने पास रखा गांजा फेंककर भागने में सफल रहा, जबकि महेन्द्र मीणा को पुलिस ने दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी महेन्द्र मीणा (निवासी मीणों का मोहल्ला, उदयपुरिया) के पास से 1.384 किलोग्राम गांजा और नशे की बिक्री के 1,40,000 रुपये बरामद हुए। वहीं, फरार आरोपी कानाराम उर्फ अभिषेक द्वारा फेंका गया 1.256 किलोग्राम गांजा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह नशा कहां से लाता था और किन-किन इलाकों में सप्लाई करता था। फरार आरोपी कानाराम की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इस सफल कार्रवाई में सामोद थानाधिकारी गोपीचन्द, गोविन्दगढ़ थानाधिकारी विनोद सांखला और डीएसटी टीम के सदस्यों की मुख्य भूमिका रही।
बाबा गैंग का 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
जयपुर ग्रामीण की शाहपुरा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 10 दिन पहले ट्रेवल्स ऑफिस पर हुई फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश और बाबा गैंग के सक्रिय सदस्य विजेन्द्र ढिलान को देवीपुरा की पहाड़ियों से दबोचा है।
जिला पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी ने बताया कि 5 फरवरी को शाहपुरा स्थित ‘ब्रदर्स टूर एंड ट्रेवल्स’ (बीआरजी कार रेंटल) के ऑफिस पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। जांच में सामने आया कि बाबा गैंग के सदस्यों ने आपसी वर्चस्व को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर इनाम घोषित किया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह और वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी रिया चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। तकनीकी सहायता और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शाहपुरा की पहाड़ियों में घेराबंदी की। वहां छिपे आरोपी विजेन्द्र ढिलान उर्फ बिज्जू (25) निवासी निठारा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
वारदात में विजेन्द्र के साथ चिंटू मीणा और अन्य साथी भी शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वारदात में प्रयुक्त हथियार उसने कहां से हासिल किए और गिरोह के अन्य सदस्य कहां छिपे हैं।
इस सफल कार्रवाई में शाहपुरा थानाधिकारी रिया चौधरी, उपनिरीक्षक जयराम, और चंदवाजी व मनोहरपुर थाने के कांस्टेबल सुभाष, रोहिताश, राकेश, राजेंद्र और रविंद्र की अहम भूमिका रही।




















