जन्माष्टमी पर अक्षरधाम में भक्ति का रंग: कृष्ण-लीला और झांकियों ने बांधा समां

0
36

जयपुर। वैशाली नगर स्थित श्री स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। महोत्सव में करीब 15 हजार हरिभक्तों और श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर ठाकुरजी के दर्शन और अभिषेक का लाभ लिया।

जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक झांकियों, रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष झूमरों से सजाया गया। ठाकुरजी का विशेष शृंगार कर छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं को पंचामृत अभिषेक और पंजीरी का प्रसाद वितरित किया गया।

मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित प्रेरणादायी झांकियां सजाई गईं। इनमें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोकुल-गमन, पूतना वध और कंस वध सहित विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया। झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को कठिन परिस्थितियों में धैर्य, साहस, विवेक और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

सत्संग सभा में बाल एवं युवा मंडल ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित कृष्ण-लीला और नृत्य-नाटिका की प्रस्तुतियां दीं। संगीतज्ञों ने संकीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और चरित्र का गुणगान किया। संतों ने अपने मार्गदर्शन में श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के समय हुई झमाझम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और पूरे श्रद्धाभाव के साथ ठाकुरजी के दर्शन किए। मंदिर परिसर में जन्माष्टमी का उत्सव देर रात तक भक्ति और उल्लास के माहौल में जारी रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here