एसीबी ने किया ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर रिश्वत मांगने का मामला दर्ज

0
170

जयपुर। पुलिस आयुक्तालय जोधपुर की यातायात शाखा में तैनात हैड कांस्टेबल बलदेव सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर एसीबी चौकी जोधपुर शहर द्वारा की गई।

एसीबी को मिली शिकायत के अनुसार आरोपी हेड कांस्टेबल ने परिवादी के बोलेरो पिकअप वाहन का चालान नहीं बनाने के एवज में 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने परिवादी का ड्राइविंग लाइसेंस भी अपने पास रख लिया और उसे लगातार परेशान किया।

शिकायत के बाद एसीबी ने 19 जनवरी 2026 को मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 500 रुपये रिश्वत की मांग करना सामने आया। हालांकि, परिवादी द्वारा समय मांगे जाने पर आरोपी ने वाहन का चालान बना दिया और ड्राइविंग लाइसेंस वापस लौटा दिया।

सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर एसीबी चौकी जोधपुर शहर ने प्रकरण दर्ज करने के लिए रिपोर्ट मुख्यालय जयपुर भेजी। इसके बाद एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here