जयपुर। ज्योति नगर थाना क्षेत्र में विधानसभा के मुख्य द्वार के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी की पुत्री आस्था चौधरी चला रही थीं। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
पुलिस के अनुसार कार अंबेडकर सर्किल से एमएलए क्वार्टर की ओर जा रही थी। विधानसभा गेट के पास सड़क पर अचानक चार-पांच श्वान आ जाने से चालक ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन पर नियंत्रण खो गया और कार ट्रैफिक सिग्नल पोल व पेड़ से जा टकराई।
थाना साउथ में तैनात पुलिसकर्मी कैलाश ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार आस्था चौधरी के नाम से नागौर पते पर पंजीकृत है और हादसे के समय वही वाहन चला रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर थाने ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई है। फिलहाल इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।




















