जयपुर। राजधानी के मुहाना थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाशों ने गणेश कॉलोनी, रामपुरा रोड स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपए की नकदी, दो महंगे मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए।
पुलिस के अनुसार वारदात 6 अप्रैल को दोपहर करीब 2:28 बजे से 3 बजे के बीच हुई। परिवादी एवं भाजपा मंडल महामंत्री विनोद टाटीवाल ने मुहाना थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह रोज की तरह दुकान बंद कर गए थे। कुछ समय बाद लौटने पर दुकान का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो नकदी, मोबाइल फोन और दस्तावेज गायब थे।
परिवादी के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। घटना के समय दुकान बंद थी और आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई। हालांकि घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान में जुटी है।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बदमाशों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी या मौके का फायदा उठाकर चोरी को अंजाम दिया गया।



















