गोविंद देवजी मंदिर में शरद पूर्णिमा पर होगा चंद्र गायत्री महायज्ञ

0
42

जयपुर। ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी में शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। मंदिर कार्यालय के पास गायत्री परिवार के तत्वावधान में और महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में सुबह आठ से दस बजे तक शरद पूर्णिमा महोत्सव एवं निशुल्क चंद्र गायत्री महायज्ञ संपन्न होगा।

इस पांच कुंडीय निशुल्क महायज्ञ में देव आह्वान और षोडशोपचार पूजन के बाद विशेष आहुतियां दी जाएंगी। श्रद्धालु “ऊं क्षीरपुत्राय विद्महे अमृततत्त्वाय धीमहि तन्नो चन्द्र: प्रचोदयात्” चंद्र गायत्री मंत्र का उच्चारण करते हुए देसी नस्ल की गाय के दूध से बनी खीर से आहुतियां प्रदान करेंगे। इसके साथ ही हवन में पलाश के वृक्ष की समिधा का भी उपयोग किया जाएगा।

मान्यता के अनुसार, चंद्रमा को चंद्र गायत्री मंत्र से आहुतियां अर्पित करने से मन को शांति मिलती है और भावनात्मक संतुलन बनता है। जिन लोगों में क्रोध, चिड़चिड़ापन, अधिक भावनात्मक उतार-चढ़ाव रहता है, जो सही निर्णय नहीं ले पाते या अपने विचार बार-बार बदलते हैं, अथवा किसी मनोविकास से ग्रस्त हैं, उन्हें इस यज्ञ से शीघ्र लाभ मिलने की बात कही गई है।

इस यज्ञ में कोई भी श्रद्धालु शामिल हो सकता है। इसके लिए भक्तों को अपने पास से कोई सामग्री लाने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सभी व्यवस्थाएं गायत्री परिवार द्वारा की गई हैं। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली इस संपूर्ण यज्ञ को संपन्न कराएगी।

महोत्सव के दौरान एक पुस्तक मेला भी लगाया जाएगा, जहां पाठकों को लागत मूल्य पर श्रेष्ठ साहित्य उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, इस सप्ताह जिन लोगों का जन्मदिन या विवाह दिवस है, उनके उज्जवल भविष्य की कामना के लिए भी विशेष आहुतियां अर्पित करवाई जाएंगी, जिससे भारतीय संस्कृति के अनुसार संस्कारों को यज्ञ के माध्यम से मनाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here