ऑपरेशन एंटी वेनम: 106 ग्राम गांजा सहित तस्कर गिरफ्तार

0
87
Operation Anti-Venom: Smuggler Arrested with 106 Grams of Ganja
Operation Anti-Venom: Smuggler Arrested with 106 Grams of Ganja

जयपुर। जयपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन एंटी वेनम” के तहत फुलेरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नशा कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 106 ग्राम अवैध गांजा और 12,470 रुपए की नकदी बरामद की है।

जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश के निर्देश पर 15 मार्च से 31 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ड्रग्स तस्करों, सप्लायरों और उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।

इसी क्रम में 6 अप्रैल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा और सांभरलेक वृत्ताधिकारी अनुपम मिश्रा के सुपरविजन में फुलेरा थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

पुलिस को सूचना मिली कि फुलेरा कस्बे में मां मैरिज गार्डन के पास स्थित एक मकान से करण सांसी गांजे की सप्लाई कर रहा है। इस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर तलाशी ली, जहां से 106 ग्राम गांजा और बिक्री की 12,470 रुपए नकदी बरामद की गई।

आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने आरोपी करण सांसी (21) निवासी सांसी बस्ती, जोबनेर रोड, फुलेरा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन क्षेत्रों में सप्लाई करता था। इस कार्रवाई से बड़े नेटवर्क के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

टीम की अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार के साथ हेड कांस्टेबल ताराचंद, कांस्टेबल रवि कुमार, राजेंद्र, महिला कांस्टेबल जमुना देवी, पतासी देवी, सरदार और चालक दीपक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here