जयपुर। अजमेर जिला पुलिस ने जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की झूठी धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को गुजरात के गिर सोमनाथ जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी ई-मेल आईडी के माध्यम से न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर बम धमाके की धमकी भेजी थी। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि 17 जुलाई को जिला एवं सत्र न्यायालय, अजमेर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय प्रशासन की ओर से सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिसके बाद सिविल लाइंस थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
साइबर सेल ने फर्जी ई-मेल की तकनीकी जांच, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण तथा आसूचना संकलन के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए फलदू हार्दिक (40) निवासी सोमनाथ जिला गिर सोमनाथ गुजरात को गिरफ्तार किया।
इस पूरे ब्लाइंड केस को सुलझाने में सिविल लाइंस थानाधिकारी शंभू सिंह, साइबर सेल प्रभारी पुलिस निरीक्षक विजय सिंह, सहायक उप-निरीक्षक प्रवीण चौधरी व मनीराम, हेड कांस्टेबल जगदीश तथा कांस्टेबल राजकुमार, अजीत सिंह और अजय मीना की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।



















