जेट-2021 परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाने वाला इनामी आरोपी गिरफ्तार

0
33
Accused with a bounty on his head, who fielded a dummy candidate in the JET-2021 exam, arrested.

जयपुर। कृषि विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JET)-2021 में फर्जीवाड़े के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी जगह डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले गिरोह में शामिल था। एसओजी ने आरोपी विशाल सैनी (24) निवासी श्रीमाधोपुर (सीकर) को गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि वर्ष 2021 में राज्य सरकार के कृषि मंत्रालय की ओर से प्रदेश के पांच कृषि विश्वविद्यालयों सहित अन्य निजी विश्वविद्यालयों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए JET-2021 परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी एसकेएन कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर को सौंपी गई थी।

8 अगस्त 2021 को जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर में कुल 96 परीक्षा केंद्रों पर चार वर्षीय बीएससी (कृषि, उद्यान विज्ञान, वानिकी, गृह विज्ञान एवं मत्स्य विज्ञान), प्री-पीजी और प्री-पीएचडी पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा आयोजित हुई थी। जांच के दौरान सामने आया कि एक संगठित गिरोह ने अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर उनके स्थान पर डमी अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठाया था।

एसओजी की जांच में सामने आया कि विशाल सैनी ने भी अपनी जगह डमी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठाकर परीक्षा दिलाई थी। मामले की जांच के दौरान आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद वह लंबे समय से फरार चल रहा था। एसओजी ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। एसओजी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 36 आरोपियों को गिरफ्तार अथवा निरुद्ध किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here