जयकारों के साथ निकली अहिंसा रैली: मंदिरों में महाआरती

0
44
Ahimsa Rally Sets Out Amidst Chants of Victory; Grand Aarti Held in Temples
Ahimsa Rally Sets Out Amidst Chants of Victory; Grand Aarti Held in Temples

जयपुर। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को शहरभर में भक्ति व उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न कालोनियों में प्रभातफेरियां निकाली गईं। वहीं मानसरोवर में अहिंसा वाहन रैली के दौरान भगवान महावीर के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

भादी जैन परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि सूर्य नगर, तारों की कूट, दुर्गापुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रभातफेरियां निकालकर महावीर स्वामी के “जीओ और जीने दो” के संदेश का प्रचार-प्रसार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए।

मानसरोवर स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर (एसएफएस) से वरुण पथ के श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर तक विशाल अहिंसा वाहन रैली निकाली गई। रैली थड़ी मार्केट, मीरा मार्ग और हीरा पथ होते हुए विभिन्न जैन मंदिरों से गुजरती हुई पुनः वरुण पथ पहुंची। जहां धर्मसभा में परिवर्तित हो गई।

इस दौरान 1008 दीपकों से भगवान महावीर की महाआरती की गई। कार्यक्रम की शुरुआत एसएफएस मंदिर में प्रोफेसर इन्द्रप्रभ एवं प्रोफेसर मृदुला द्वारा दीप प्रज्ज्वलन व ध्वजारोहण से हुई। मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान जैन सभा, जयपुर के उपाध्यक्ष विनोद जैन कोटखावदा उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भजन गाते हुए शामिल हुईं।

गौरतलब है कि सोमवार को प्रातः 6 बजे मंदिरों में भगवान महावीर का अभिषेक कर विश्व में सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ शांतिधारा की जाएगी। इसके बाद अष्ट द्रव्य से पूजा-अर्चना कर जन्म कल्याणक श्लोकों के साथ अर्घ्य अर्पित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here