जयपुर। श्राद्ध पक्ष में पितृों की पुण्य स्मृति और उनके मोक्ष की कामना के लिए धार्मिक आयोजन शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में विश्व मंगलम् सेवा संस्थान की ओर से झोटवाड़ा के आदर्श विद्या मंदिर के खेल मैदान में 11 से 18 सितंबर तक श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कथा में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक मदन मोहन महाराज व्यासपीठ से श्रीराम कथा सुनाएंगे।
मंगलवार को संस्थान के संयोजक अनिल झालानी, सह संयोजक राधेश्याम खंडेलवाल, उमेश रावत, शंकर झालानी, रामअवतार मेठी, उर्मिला झालानी, क्षमा अग्रवाल, प्रियंका कूलवाल और अनिता झालानी ने आयोजन के पोस्टर का विमोचन किया। कथा का शुभारंभ बुधवार सुबह 11:30 बजे कलश यात्रा से होगा। यह कलश यात्रा झोटवाड़ा के श्रीराम हनुमान मंदिर खेली वाले, पंचायत समिति के पास कालवाड़ रोड से शुरू होकर आदर्श विद्या मंदिर के खेल मैदान तक जाएगी।
लगभग 11 हजार महिलाएं पीली साड़ी पहनकर इस यात्रा में भाग लेंगी। आयोजकों ने बताया कि इस कथा का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों को समाज में फैलाना है। वे चाहते हैं कि युवा पीढ़ी जीवन में माता-पिता, भाई, मित्र, गुरु और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य समझे और राम के आदर्शों को अपनाकर बेहतर जीवन जिए।




















