निगम की कार्रवाई से नाराज महिला 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ी

0
33

जयपुर। खोह-नागोरियान थाना क्षेत्र में नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से नाराज एक महिला गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई और हंगामा करने लगी। महिला ने टंकी से कूदकर जान देने की धमकी दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

महिला के टंकी पर चढ़ने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझा कर नीचे उतरने की कोशिश की। एहतियात के तौर पर सिविल डिफेंस की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने सुरक्षा के लिए नीचे जाल बिछाया।

खोह-नागोरियान थाना प्रभारी ओमप्रकाश मातवा ने बताया कि आमेर निवासी करीब 35 वर्षीय महिला नगर निगम की कार्रवाई से नाराज होकर पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। महिला का आरोप है कि करीब एक महीने पहले आमेर स्थित उसके घर के बाहर नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने के दौरान तोड़फोड़ की गई थी।

महिला ने मांग की कि तोड़फोड़ करने वाले नगर निगम कर्मचारियों को निलंबित किया जाए। उसने कहा कि जब तक संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वह टंकी से नीचे नहीं उतरेगी।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला से लगातार बातचीत कर उसे शांत करने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here