ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाले नौ आरोपित चढ़े पुलिस के हत्थे

0
111

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल जिला स्पेशल टीम (क्राइम ब्रांच सीएसटी) ने चित्रकूट थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विवादित बालकों को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में बैंकिंग और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस उपायुक्त अपराध अभिजीत सिंह ने बताया कि सीएसटी ने टीम ने चित्रकूट थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोती नगर स्थित मंत्रा रेजीडेंसी के फ्लैटों में दबिश दी, जहां से गिरोह के सदस्य साहिल मीणा (20) निवासी बड़पीपुरा, जिला सीकर,राहुल जांगिड़ (21) निवासी बड़पीपुरा थाना सदर जिला सीकर,संदीप (20) निवासी फतेहपुर जिला सीकर,मनीष नागा (20) निवासी रामपुरा जिला सीकर, विकास गोदारा (23) निवासी धोद जिला सीकर,आसिफ अली (24) निवासी बड़ी खाटू जिला नागौर और कबीर दास राणा निवासी गौरीफंटा जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है और साथ ही दो बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 24 मोबाइल फोन, 25 सिम कार्ड, 12 बैंक पासबुक, 28 एटीएम कार्ड, 5 मोबाइल चार्जर, 4 लैपटॉप चार्जर, 2 एक्सटेंशन बोर्ड और 3 वाई-फाई राउटर जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी व्हाट्सऐप ग्रुप और ऑनलाइन वेबसाइटों के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन गेम खेलने और रुपये जीतने का लालच देते थे। इसके बाद पीड़ितों से बैंकिंग डिटेल्स और ट्रांजैक्शन कराकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।

पुलिस आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग, निवेश या त्वरित लाभ के नाम पर आने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक या वेबसाइट से सावधान रहें और किसी भी साइबर अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here