बीस हजार रुपए की रिश्वत लेते सहायक अभियंता और कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

0
69
Assistant Engineer and computer operator arrested while accepting a bribe of ₹20,000.
Assistant Engineer and computer operator arrested while accepting a bribe of ₹20,000.

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टोंक टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) के सहायक अभियंता (एईएन) नवनीत सिंह गुर्जर और कंप्यूटर ऑपरेटर (दलाल) मोहम्मद शाजिम को बीस हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने परिवादी के घर का बिजली मीटर लौटाने और वीसीआर (विजिलेंस चेक रिपोर्ट) नहीं भरने के बदले रिश्वत की मांग की थी।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी टोंक को शिकायत मिली थी कि 4 जून को विद्युत विभाग की टीम परिवादी के घर पहुंची थी। जहां टीम ने बिजली मीटर की फोटो लेने के बाद मीटर को खोलकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद जेवीवीएनएल टोंक में पदस्थापित सहायक अभियंता नवनीत सिंह गुर्जर ने परिवादी को वीसीआर भरने की धमकी देते हुए मीटर वापस देने के एवज में 25 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया।

जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपित ने 25 हजार रुपए की मांग दोहराई, लेकिन परिवादी द्वारा राशि कम करने का आग्रह करने पर 20 हजार रुपए में सौदा तय कर लिया गया।

इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता नवनीत सिंह गुर्जर ने परिवादी को अपने कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद शाजिम को रिश्वत देने के लिए कहा। परिवादी ने 20 हजार रुपए की राशि मोहम्मद शाजिम को दी, जिसे उसने अपने हाथों से लेकर गिनकर अपने पास रख लिया। एसीबी टीम ने मौके पर ही राशि बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here