प्रेमी के कहने पर नौकरानी ने घर से उड़ाए लाखों के जेवर: 13 लाख के आभूषण बरामद

0
35

जयपुर। एसएमएस अस्पताल थाना पुलिस ने घर में काम करने वाली नौकरानी की ओर से लाखों रुपए के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 13 लाख रुपए कीमत के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि युवती ने अपने प्रेमी के कहने पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब मामले में शामिल उसके प्रेमी की तलाश कर रही है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि परिवादी किशन निवासी मकान नंबर 41, गंगवाल पार्क, जयपुर ने 24 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर पर काम करने वाली नौकरानी ने 12 मई से 4 अगस्त 2026 के बीच घर से करीब डेढ़ लाख रुपए नकद और कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान में दो हीरे की चूड़ियां, छह सोने की चूड़ियां, श्रीनाथजी का सोने का पेंडेंट, 10 से 12 सोने की अंगूठियां, चांदी का सामान और एक सोने की घड़ी शामिल थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएमएस अस्पताल थानाधिकारी जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद नौकरानी के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पूछताछ में युवती ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने सोनम सैनी (20) निवासी मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने बताया कि प्रेमी के कहने पर उसने घर से जेवर चोरी किए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से दो सोने की चूड़ियां, एक हीरे का हार और एक सोने की अंगूठी बरामद की है। बरामद आभूषणों की कीमत करीब 13 लाख रुपए बताई गई है। इस मामले में फरार प्रेमी की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here