महंगाई-बेरोजगारी से ध्यान हटाने का प्रयास: खाचरियावास

0
58
All Congress workers and citizens will hoist the tricolor flag on August 15: Khachariyawas
All Congress workers and citizens will hoist the tricolor flag on August 15: Khachariyawas

जयपुर। राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र की मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी असफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए इस मुद्दे को उछाल रही है।

खाचरियावास ने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी गंभीर समस्या है, मनरेगा में काम प्रभावित है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। ऐसे में इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा महिला आरक्षण का मुद्दा उठा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण बिल पारित हो चुका है, ऐसे में लोकसभा की 543 सीटों में से करीब 100 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं, लेकिन भाजपा इसे लागू करने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

खाचरियावास ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार राहुल गांधी से डरती है, इसलिए उनके विरोध के लिए महिला कार्यकर्ताओं को सड़कों पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की “राजनीतिक नौटंकी” को समझ चुकी है और अब उसके बहकावे में नहीं आएगी।

उन्होंने जनगणना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार को जनगणना करानी चाहिए और 2011 के आंकड़ों के आधार पर ही आरक्षण लागू किया जा सकता है, लेकिन सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं है।

निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर खाचरियावास ने कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित समय सीमा के बावजूद सरकार ने चुनाव की घोषणा नहीं की। उन्होंने न्यायपालिका की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अदालतें अपने आदेशों को लागू नहीं करा पाएंगी तो जनता का विश्वास कमजोर होगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां राजनीतिक दबाव में काम कर रही हैं और विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई की जा रही है।खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इन मुद्दों पर सड़कों पर उतरकर भाजपा के विरोध का जवाब देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here