नृसिंह मंदिर के पाटोत्सव पर भागवत कथा महोत्सव 23 से

0
34

जयपुर। भगवान श्री नृसिंह देव मंदिर पुरानी बस्ती, बगरू वालों का रास्ता में पाटोत्सव के अवसर पर श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का आयोजन 23 अप्रेल से 30 अप्रेल तक आयोजित किया जाएगा। मंदिर के पीठाधीश्वर, महंत और भागवत कथा मर्मज्ञ अवधेश दास महाराज बंसी वाले ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ 23 अप्रैल को कलश स्थापना के साथ होगा। यह आयोजन अनंत विभूषित भागवताचार्य रामदुलारे दासजी महाराज की प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है।

इस मौके पर सात दिवसीय भागवत कथा महोत्सव में रोजाना भक्तों के समक्ष दोपहर 2:00 बजे से सायं 6:30 तक प्रवचन, भजन, आरती सहित अन्य आयोजन होंगे। भगवान नृसिंह देव सहित अन्य सभी देवों की विशेष झांकियां सजाई जाएगी। आयोजन की तैयारी शुरू हो चुकी है। कथा आयोजन के मनोरथी रामेश्वर प्रसाद खंडेलवाल लवाण वाले, एकता, राधा गोविंद एवं वैष्णव भक्तों की और से सात दिवसीय भागवत कथा महोत्सव में रोजाना सेवा कार्य के साथ ही भक्तों का मार्गदर्शन किया जाएगा।

पुष्कर दास महाराज ने बताया कि मंदिर परिसर को विशेष रूप से बांदरवाल, रंगीन लाइट, फूल पत्तों और अन्य सजावट कर भागवत महोत्सव के लिए सजाया जा रहा है। वहीं 30 अप्रैल को सुबह 8 बजे से मंदिर परिसर में भगवान के भजनों के साथ ही विशेष बधाईगान का आयोजन होगा। इसमें अनेक भजन गायक व स्थानीय लोग अपनी प्रस्तुति देकर भगवान को रिझाएंगे। भागवत कथा मर्मज्ञ अवधेश दास महाराज ने बताया कि यह महोत्सव नृसिंह देव भगवान के दरबार में मंदिर की स्थापना से आयोजित किया जा रहा है।

महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे साथ ही जयपुर सहित प्रदेश भर से संत-महंत एवं गणमान्य लोग भी आयोजन के साक्षी होंगे। आयोजन में रोजाना भक्तों को सभी प्रसंगों पर विशेष संगीतमय प्रस्तुतियों के साथ भागवत कथा का मर्म समझाया जाएगा। कथा महोत्सव के विश्राम पर 30 अप्रैल को भगवान के दरबार में हवन पूजन के साथ ही 1156 प्रकार के विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा।

इसके साथ ही सुबह 10:00 बजे से मंदिर परिसर में भक्तों के लिए भंडारा प्रसादी का आयोजन होगा। आयोजन के तहत मंदिर परिसर स्थित गौशाला में भक्त नियमित रूप से गौ सेवा के साथ ही गौ पूजन भी करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here