जयपुर। प्रदोष व सावन सेवा समिति के तत्वावधान में दिल्ली रोड स्थित बंगाली बाबा गणेश मंदिर परिसर के स्वयं आत्माराम जलेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार को सवा लाख बिल्व पत्र अर्पण एवं भजन संध्या का आयोजन हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर भोलेनाथ के जयकारों से गूंजता रहा। जयपुर के विभिन्न मंदिरों एवं मठों से आए संत-महंतों की मौजूदगी में देर रात तक भक्ति कार्यक्रम चले।
आयोजन के दौरान भोलेनाथ का दूध, दही, भांग सहित विभिन्न द्रव्यों से अभिषेक किया गया। इसके बाद सुबह से देर शाम तक भगवान शिव को सवा लाख बिल्व पत्र अर्पित किए गए। पंडितों ने रुद्र पाठ कराया। वहीं श्रीकृष्ण लीला भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में त्रिवेणी धाम के संत रिछपाल दास महाराज, श्री धना पीठाधीश्वर बजरंग देवाचार्य, गलता रोड के महंत सियाराम दास महाराज, सरस निकुंज के अलबेली शरण महाराज, विधायक बालमुकुंद आचार्य, काठियावाड़ी के स्वामी राम रतन दास महाराज, कमलेश महाराज सांगानेर, सुरेश महाराज घाट के बालाजी, अवधेश दास महाराज नंदपुरी, महंत सुदर्शन दास महाराज, राजा रामदास महाराज, हरिशंकर वेदांती ढेहर के बालाजी और अमरनाथ महाराज सहित अन्य संत-महंत मौजूद रहे।
सर्व समाज हिंदू महासभा के संस्थापक चंद्र प्रकाश भाड़ेवाला, नितेश भाड़ेवाला और अविनाश भाड़ेवाला ने संत-महंतों का तिलक लगाकर एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया।
भजन संध्या में भजन कलाकार हितेश डोवटीवाल, पवन शारा और सुरेश पांचाल सहित अन्य कलाकारों ने शिव भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। नीरज अग्रवाल, ब्रजकिशोर डाकवाला, सुनील विजय, प्रवीण, मुरली सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर भजनामृत का आनंद लिया।



















