मोबाइल लौटाने के बहाने फार्मासिस्ट को बुलाकर नशीला पदार्थ सुंघाकर बाइक-कैश लूटा

0
53

जयपुर। भट्टा बस्ती थाना इलाके में फिल्मी अंदाज में फार्मासिस्ट से लूट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले खोया हुआ मोबाइल मिलने का झांसा देकर उसे बुलाया और फिर नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसकी बाइक, मोबाइल, बैग और छह हजार रुपए से भरा पर्स लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज कराया।

हेड कांस्टेबल अनूप सिंह ने बताया कि शास्त्री नगर की इंद्रा वर्मा कॉलोनी निवासी भानू प्रताप सिंह (37) फार्मासिस्ट हैं। शनिवार को काम से चार दरवाजा सिटी गए थे। शाम को घर लौटते समय कांवटिया सर्किल के पास उनका मोबाइल गिर गया। घर पहुंचने पर मोबाइल नहीं मिला तो उन्होंने दूसरे फोन से अपने नंबर पर कॉल किया। कुछ देर बाद एक युवक ने कॉल उठाकर मोबाइल मिलने की बात कही और लौटाने के बहाने लंकापुरी स्थित गुलशन प्लाजा बुलाया।

पीड़ित बताए स्थान पर पहुंचा तो वहां दो युवक मिले। मोबाइल लौटाने के दौरान बातचीत करते समय एक बदमाश ने पीछे से पकड़ लिया और दूसरे ने रुमाल में नशीला पदार्थ सुंघा दिया। कुछ ही देर में पीड़ित बेहोशी की हालत में पहुंच गया।

बदमाश उसकी जेब में रखा बिना सिम का मोबाइल, छह हजार रुपए से भरा पर्स, बैग और बाइक लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद होश आने पर पीड़ित को लूट का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर वारदात स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here