जयपुर। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की संगठनात्मक बैठक रविवार को जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अमित गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ शुरू हुई बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका सशक्त संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने प्रत्येक बूथ को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क बढ़ाने, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा संगठन के सभी कार्यक्रमों को अनुशासन और निष्ठा के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने मंडलों को समयबद्ध योजना के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि भाजपा का संगठन राष्ट्रहित, सेवा और सुशासन की विचारधारा पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन के बीच जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की।
मीडिया सह प्रभारी नयन माधाणी अग्रवाल ने बताया कि बैठक में विधायक बालमुकुंद आचार्य, विधायक प्रत्याशी रवि नैय्यर, जिला महामंत्री नवरतन नराणिया, रेखा राठौड़, राजेश ताम्बी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।



















