जयपुर में 17-18 अक्टूबर को होगा ‘चिन्मय अमृत यात्रा’ का स्वागत

0
50

जयपुर। चिन्मय मिशन की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित चिन्मय अमृत महोत्सव के तहत देशभर में भ्रमण कर रही ‘चिन्मय अमृत यात्रा’ का 17 अक्टूबर को जयपुर आगमन होगा। आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में आयोजकों ने जयपुर सांसद मंजू शर्मा को आमंत्रित किया।

यात्रा के स्वागत में 17 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे अजमेर रोड स्थित राजेश मोटर्स पर कार्यक्रम होगा। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे वाहनों के साथ स्वागत रैली निकाली जाएगी, जो त्रिवेणी नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचेगी। शाम 6:30 बजे विश्वविद्यालय के नवनिर्मित सभागार में ‘स्वागतम् गुरुदेव’ कार्यक्रम होगा। इसमें राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। दक्षिण अफ्रीका में चिन्मय मिशन के अध्यक्ष स्वामी अभेदानन्द का प्रेरक उद्बोधन होगा। साथ ही यात्रा के साथ देशभर में भ्रमण कर रहे यात्रियों का सम्मान किया जाएगा।

18 अक्टूबर को ‘मेघदूतम्’ की प्रस्तुति

यात्रा के जयपुर प्रवास के दूसरे दिन 18 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में ‘मेघदूतम्’ नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। महाकवि कालिदास की प्रसिद्ध काव्यकृति पर आधारित नृत्य-नाटिका का निर्देशन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथक नृत्यांगना मंजरी किरण करेंगी। सांसद मंजू शर्मा कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी।

चिन्मय मिशन के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य स्वामी चिन्मयानंद के ज्ञान, भक्ति, सेवा और राष्ट्र-जागरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं को भारतीय संस्कृति, सनातन ज्ञान और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। आयोजकों ने साधकों, श्रद्धालुओं और युवाओं से स्वागत रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here