नाम वापसी के बाद निकाय चुनाव की तस्वीर साफ, 19 निकायों में 2644 प्रत्याशी मैदान में

0
13

जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले के 19 नगरीय निकायों के 690 वार्डों में पार्षद पद के चुनाव की तस्वीर नाम वापसी के बाद साफ हो गई है। संवीक्षा के बाद वैध रूप से नामांकित 3361 अभ्यर्थियों में से 714 ने नाम वापस ले लिया, जबकि तीन अभ्यर्थी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। अब 2644 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्युनिसिपल) संदेश नायक के अनुसार जिले में कुल 4868 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। संवीक्षा के दौरान 1382 नामांकन पत्र अस्वीकृत हुए, जबकि 3486 नामांकन पत्र वैध पाए गए। इन वैध नामांकनों के आधार पर 3361 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए थे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 2644 प्रत्याशी अंतिम रूप से मैदान में रह गए हैं।

जयपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा नाम वापसी

नाम वापसी में जयपुर नगर निगम सबसे आगे रहा। यहां 281 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। चौमूं नगर परिषद में 22 और शाहपुरा नगर परिषद में 78 अभ्यर्थियों ने अभ्यर्थिता वापस ली।

नगर पालिकाओं में बगरू से 18, बस्सी से 14, चाकसू से 74, दूदू से 23, जमवारामगढ़ से 16, जोबनेर से 14, कालाडेरा से 14, कानोता से 3, खेजरोली से 19, किशनगढ़-रेनवाल से 15, मनोहरपुर से 27, नारायणा से 19, फागी से 28, फुलेरा से 20, सांभर से 17 और वाटिका से 12 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। इस तरह सभी 19 निकायों में कुल 714 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए।

किस निकाय में कितने प्रत्याशी मैदान में

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में सबसे अधिक 723 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद शाहपुरा नगर परिषद में 247, बस्सी में 164, चाकसू में 136 तथा चौमूं और बगरू में 119-119 अभ्यर्थी मैदान में हैं।

अन्य निकायों में दूदू से 99, जमवारामगढ़ से 96, जोबनेर से 80, कालाडेरा से 65, कानोता से 66, खेजरोली से 88, किशनगढ़-रेनवाल से 100, मनोहरपुर से 120, नारायणा से 88, फागी से 85, फुलेरा से 77, सांभर से 88 तथा वाटिका से 84 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चुनाव मैदान में हैं।

अब निर्वाचन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार, 4 सितंबर को अभ्यर्थियों को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार भी जोर पकड़ेगा और निकाय चुनाव की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here