जयपुर/नई दिल्ली। कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) ने सीजन-2 के लिए 10 फ्रेंचाइजी के मुख्य कोचों की घोषणा कर दी है। लीग ने टीमों की कमान अनुभवी कबड्डी खिलाड़ियों और कोचिंग जगत से जुड़े चेहरों को सौंपी है। कोचों की नियुक्ति के साथ ही टीमों की तैयारियों को गति मिलेगी।
घोषित सूची के अनुसार, रविंदर पहल को करनाल किंग्स, जगपाल सिंह को गुरुग्राम गुरुस, अनूप सिंह को कुरुक्षेत्र नाइट्स, सुरेंद्र नाडा को सोनीपत स्टार्स, ओम प्रकाश नरवाल को फरीदाबाद फाइटर्स, शमशेर सिंह को भिवानी बुल्स, जगदीप सिंह को रोहतक रॉयल्स, विनोद कुमार को शुभग्रो हिसार हीरोज, रणदीप दलाल को पानीपत पैंथर्स और रमेश कुमार को झज्जर जगुआर्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
सभी कोचों की जिम्मेदारी टीमों का गठन, रणनीति तैयार करना, खिलाड़ियों की फिटनेस और कौशल में सुधार तथा टीम के बीच बेहतर तालमेल विकसित करना होगा। कोचों ने अपने विचार साझा करते हुए अनुशासन, टीमवर्क, मजबूत रक्षात्मक और आक्रामक संयोजन तथा दबाव में बेहतर प्रदर्शन को प्राथमिकता देने की बात कही।
करनाल किंग्स के कोच रविंदर पहल ने खिलाड़ियों की फिटनेस, अनुशासन और रणनीति पर जोर दिया, वहीं गुरुग्राम गुरुस के कोच जगपाल सिंह ने खिलाड़ियों की भूमिकाओं को स्पष्ट करने और टीमवर्क को मजबूत बनाने की बात कही। अन्य कोचों ने भी संतुलित टीम तैयार करने, युवा प्रतिभाओं को अवसर देने और पूरे सीजन में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने को अपनी प्राथमिकता बताया।
लीग के दूसरे सीजन से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच मिलने और कबड्डी के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्य कोचों की नियुक्ति के बाद अब फ्रेंचाइजी का ध्यान खिलाड़ियों के चयन, प्रशिक्षण और टूर्नामेंट की रणनीतिक तैयारियों पर रहेगा।



















