नकल माफिया पर प्रहार: डमी अभ्यर्थी बनाकर परीक्षा दिलाने वाले पकड़े गए

0
112

जयपुर। प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल के मामलों पर शिकंजा कसते हुए स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने राजस्थान लोकसेवा आयोग की वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) भर्ती-2022 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास कराने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी ने इस प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एसओजी के एडीजी विशाल बसंल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भादुओं की बेरी निवासी अशोक कुमार विश्नोई शामिल है, जिसने अपनी जगह डमी अभ्यर्थी बैठाकर वरिष्ठ अध्यापक के पद पर चयन प्राप्त किया था। इसके साथ ही एक अन्य मामले में सुरतराम मीणा की जगह परीक्षा देने वाले विजयपाल विश्नोई को भी गिरफ्तार किया गया है।

जांच में सामने आया कि अशोक कुमार विश्नोई ने भर्ती परीक्षा के दोनों पेपर स्वयं नहीं दिए। सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय के पेपर में उसने हनुमानाराम को डमी अभ्यर्थी बनाकर परीक्षा दिलवाई थी। हनुमानाराम, जो स्वयं शिक्षक है, को एसओजी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद अशोक दो वर्षों से फरार चल रहा था, जिस पर गिरफ्तारी वारंट के साथ 5 हजार का इनाम घोषित था।

इसी प्रकार जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सुरतराम मीणा ने विज्ञान विषय के पेपर में महिपाल विश्नोई तथा सामान्य ज्ञान व शैक्षिक मनोविज्ञान के पेपर में विजयपाल विश्नोई को डमी अभ्यर्थी बनाया था। महिपाल को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि विजयपाल विश्नोई को अब दबोचा गया है। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम घोषित था। एसओजी के अनुसार भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े इस नेटवर्क की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here