चोरी की स्कॉर्पियो पर दूसरे वाहन की नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा बदमाश गिरफ्तार

0
46

जयपुर। जालूपुरा पुलिस थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ऐसे शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो चोरी की स्कार्पियो की पहचान छुपाने के लिए उस पर दूसरे वाहन की नंबर प्लेट का दुरुपयोग कर रहा था । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कार्पियो भी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि जालूपुरा पुलिस थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी की स्कार्पियो पर दूसरे वाहन की नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे आरोपी विक्रम जांगिड़ (35) निवासी शाहपुरा हाल वैशाली नगर को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी के पास मिली स्कार्पियो असल में पश्चिम विहार, दिल्ली से चोरी हुई थी, जिसका मूल नंबर HR 06 BK 9090 था । आरोपी ने इस चोरी की गाड़ी पर सोनीपत (हरियाणा) की एक एक्सीडेंटल गाड़ी के चेचिस नंबर लगवाए और फिर जयपुर लाकर उस पर प्रार्थिया की गाड़ी की नंबर प्लेट लगा दी । जब्त वाहन के इंजन और चेचिस नंबर भी अलग-अलग पाए गए हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

थानाधिकारी हवा सिंह मंगावा ने बताया कि प्रार्थिया नीता चौधरी निवासी जोबनेर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनकी स्कार्पियो (RJ 01 UB 5480) के नंबर की कूट रचना कर कोई अज्ञात व्यक्ति उन्हीं के नंबर की प्लेट अपने वाहन पर लगाकर घूम रहा है । इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक विशेष टीम गठित की गई । टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी को पकडा।

इस कार्रवाई में एएसआई बनवारी लाल, हेड कांस्टेबल काशीराम (विशेष भूमिका), अनिल कुमार, झाबरमल और कांस्टेबल जितेन्द्र, शिवराज, कमलेश, आवेश व जगवीर सिंह की अहम भूमिका रही ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here