म्यूल हंटर अभियान में साइबर ठगों समेत कई आरोपी गिरफ्तार

0
40
Two notorious criminals arrested along with gamblers.
Two notorious criminals arrested along with gamblers.

जयपुर। जयपुर पूर्व पुलिस ने ऑपरेशन म्यूल हंटर और एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत शुक्रवार को खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी, अवैध शराब और फरार अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसा। कार्रवाई में सेक्सटॉर्शन गिरोह से जुड़े दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एनडीपीएस और पॉक्सो एक्ट के दो वांछित आरोपियों को भी दबोच लिया गया। इसके अलावा अवैध शराब बेचने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गिरनार अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-508 पर दबिश देकर लक्ष्मीनारायण (24) निवासी महाराजगंज (उत्तर प्रदेश) और दीपक कुमार (23) निवासी वाटिका, जयपुर को गिरफ्तार किया। दोनों पर आरोप है कि वे युवाओं को निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। बाद में इन खातों को साइबर अपराधियों को बेच दिया जाता था, जिनका इस्तेमाल सेक्सटॉर्शन और ऑनलाइन ठगी की रकम के लेन-देन में किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल, छह सिम कार्ड, दो डेबिट कार्ड, पांच बैंक पासबुक, एक चेकबुक, एक अकाउंट ओपनिंग फॉर्म, दो पैन कार्ड, तीन आधार कार्ड तथा विभिन्न लोगों के पासपोर्ट साइज फोटो बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ खोह नागोरियान थाने में बीएनएस की धाराओं 318(4) और 316(2) के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

वहीं अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे साजिद उर्फ चिमटी (36) निवासी आजाद नगर तथा पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित रेणु (35) निवासी खोह नागोरियान को भी गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बेचने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई और आबकारी अधिनियम के तहत तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने चार स्थायी और दो सामान्य गिरफ्तारी वारंटों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया। इस कार्रवाई के लिए थानाधिकारी ने पांच विशेष टीमें गठित की थीं, जिन्होंने एक साथ विभिन्न इलाकों में दबिश देकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध, अवैध शराब कारोबार और फरार अपराधियों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here