जयपुर। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर विद्याधर नगर विधानसभा सहित विभिन्न क्षेत्रों से पधारे नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ रंगों के महापर्व होली को हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ उपमुख्यमंत्री ने फूलों की होली खेली। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और पुष्प वर्षा कर प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक गीतों के बीच पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने इस अवसर पर सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व सामाजिक समरसता, एकता और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। होली हमें आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि आप सभी का स्नेह, विश्वास और आत्मीय उपस्थिति उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए ऊर्जा प्रदान करती है। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह रंगोत्सव प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और आनंद के नए रंग भर दे।




















