जवाहर सर्किल पुलिस ने 250 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर नाले में किया नष्ट

0
101

जयपुर। होली और रमजान के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट पर सख्ती दिखाते हुए जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने टीला नंबर-1 के पास एक डेयरी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 250 किलोग्राम संदिग्ध व मिलावटी पनीर की खेप जब्त की। पनीर अलवर के मेवात क्षेत्र से तैयार होकर जयपुर लाया गया था।

पुलिस के अनुसार 2 मार्च की रात पीसीआर टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टीला नंबर-1 के पास राधे बेकर्स के बाहर एक बाहरी नंबर की पिकअप गाड़ी खड़ी दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखकर वहां मौजूद एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। उसके भागने पर पुलिस को संदेह हुआ और पिकअप की तलाशी ली गई।

जांच के दौरान वाहन में रखे कंटेनरों में बड़ी मात्रा में पनीर भरा मिला। कंटेनर खोलते ही पनीर से तेज और अजीब बदबू आ रही थी, जिससे उसके मिलावटी होने की आशंका गहरा गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत जिला कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम को सूचना दी और सीएमएचओ जयपुर की फूड सेफ्टी टीम को मौके पर बुलाया। फूड सेफ्टी टीम अधिकारी विशाल मित्तल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।

प्रारंभिक जांच में पनीर को मिलावटी मानते हुए पूरी खेप को नष्ट करने के निर्देश दिए गए। पुलिस और फूड सेफ्टी टीम की निगरानी में करीब 250 किलोग्राम पनीर को ईदगाह के पास स्थित नाले में डालकर नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और फरार व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here