जयपुर। दिल्ली रोड स्थित श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में आयोजित भगवान सियाराम के 29वें पाटोत्सव महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को वेदमाता, विश्वमाता एवं देवमाता गायत्री का 20वां पाटोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया।
श्री नरवर आश्रम सेवा समिति प्रन्यास के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा, महामंत्री बृजमोहन शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों ने वेद मंत्रोच्चार के बीच मां गायत्री का पंचामृत एवं विभिन्न औषधीय द्रव्यों से अभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से गायत्री मंत्र का जाप कर विश्व कल्याण और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। षोडशोपचार पूजन के बाद मां का आकर्षक पुष्प श्रृंगार किया गया। राजभोग झांकी के पश्चात विशेष उत्सव आरती आयोजित हुई।
मध्याह्न में वैद्य अशोक कुमार शर्मा के संयोजन में गुरुकृपा सत्संग मंडल द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ किया गया, जबकि शाम को बृजबिहारी अग्रवाल के संयोजन में राधा ब्रजचंद बिहारी सत्संग मंडल ने बधाई गायन प्रस्तुत किया।
समिति के अनुसार शनिवार को श्री शिव सत्संग मंडल रामनिवास बाग की ओर से हरिनाम संकीर्तन एवं भजन होंगे, वहीं रात में श्री महेश रामायण सत्संग मंडल द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन आयोजित किया जाएगा। रविवार को त्रिवेणी धाम के पीठाधीश्वर स्वामी रामरिछपाल दास महाराज के सानिध्य में हरिनाम संकीर्तन, बधाई गायन और सम्मान समारोह होगा।
महोत्सव के अंतर्गत 22 जून को शाम 6 बजे शुक सम्प्रदाय के पीठाधीश्वर अलबेली माधुरीशरण के सानिध्य में श्री सियाराम जी का छठी उत्सव आयोजित होगा। वहीं 23 जून को अन्नपूर्णा माता का नवम पाटोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें अभिषेक, षोडशोपचार पूजन, राजभोग, आरती, भजन, बधाई गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।



















