जयपुर। शारदीय नवरात्रें के अवसर पर राजापार्क स्थित पंचवटी सर्किल के वैष्णो देवी मंदिर में नौ दिन तक विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिर में 11 अक्टूबर को अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11:51 से दोपहर 12:15 बजे तक घट स्थापना की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे और माता के दर्शन शुरू होंगे।
वैष्णो देवी सेवा समिति (पंजीकृत) राजापार्क के अध्यक्ष राज भाटिया और उपाध्यक्ष कमलेश असुदानी ने बताया कि शारदीय नवरात्रें को लेकर मंदिर में तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक फूलों और चुनरी से सजाया जाएगा। नौ दिनों तक माता का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन सात से नौ बार माता की पोशाक बदली जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को माता के अलग-अलग स्वरूपों के दर्शन होंगे।
समिति के सचिव राजकुमार भाटिया, कोषाध्यक्ष इंद्रजीत शर्मा और उपसचिव योगेश खुराना ने बताया कि नवरात्रें के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। माता को हलवा, चना और पूरी का भोग लगाया जाएगा। मंदिर में नौ दिनों तक भक्ति, पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों का माहौल रहेगा।



















