कांग्रेस की नीति और नियत ठीक न होने से जनता ने दिखाया बाहर का रास्ता: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

0
474
Due to Congress' policy and intentions not being right, the public showed the way out: Chief Minister Bhajanlal Sharma
Due to Congress' policy and intentions not being right, the public showed the way out: Chief Minister Bhajanlal Sharma

बहादुरगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नक्सलवाद, तुष्टीकरण और गरीबी की जननी है। इस पार्टी को सबसे ज्यादा समय सत्ता में रहने का मौका मिला मगर गरीबों की सुध नहीं ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार का आलम यह था कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी कहते थे कि दिल्ली से हम 1 रुपया भेजते हैं तो जनता तक 15 पैसे ही पहुंचते हैं। वहीं आतंकवाद के कारण लोग डर के साये में जीते थे। आंतकवादी आये दिन बंम फोड़कर चले जाते थे। देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के सिर भी काट दिए जाते थे। शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। गरीब कल्याण और देश के विकास के साथ ही दुनिया में भारत का गौरव भी बढ़ा है।

मुख्यमंत्री शर्मा मंगलवार को हरियाणा के बहादुरगढ़ में रोहतक लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद कुमार शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भ्रष्टाचार और आतंकवाद की एक भी घटना सामने नहीं आई है। मोदीजी जनता को 100 रुपये भेजते हैं तो उनके खाते में 100 रुपये ही पहुंचते हैं, बीच में कट नहीं लगता। पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने अपनी हर दिवाली सीमा पर तैनात सैनिकों के साथ मनाकर उनका हौसला बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस 70 साल से गरीबी हटाओ का नारा दे रही है। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी के बाद अब राहुल गांधी भी गरीबी हटाने की बात कर रहे हैं, मगर गरीबों से इनका कोई वास्ता नहीं है। श्री शर्मा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीजी ने गरीब कल्याण की योजनाएं चलाकर 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है और लगभग 50 करोड़ लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक कांग्रेस का वर्चस्व था, मगर इनकी नीति और नियत ठीक नहीं होने के कारण जनता ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद जब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देखा कि कांग्रेस स्वार्थ और तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है तो उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर जनसंघ का गठन किया और उनके राष्ट्रवाद के सिद्धांत पर चलते हुए आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने रोहतक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद कुमार शर्मा को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा के प्रत्याशियों को दिया हुआ एक-एक वोट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को मिलेगा और वे तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनकर भारत को प्रगति की नई बुलंदियों तक पहुंचायेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here