जयपुर। शिप्रापथ थाना इलाके में स्थित थड़ी मार्केट में खरीदारी करने गए 76 वर्षीय बुजुर्ग का मोबाइल फोन चोरी होने के बाद उनके बैंक खातों से यूपीआई के जरिए 99 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार परिवादी वैरूलाल अग्रवाल निवासी शिप्रापथ जयपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 4 अक्टूबर 2026 को थड़ी मार्केट में गए थे। इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका रेडमी मोबाइल फोन चोरी कर लिया। मोबाइल में उनकी सिम लगी हुई थी।
मोबाइल चोरी होने के बाद उनके भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के खाते से यूपीआई के जरिए 4 हजार रुपए और एचडीएफसी बैंक के खाते से 95 हजार रुपए निकाल लिए गए। इस तरह दोनों बैंक खातों से कुल 99 हजार रुपए की निकासी की गई। पुलिस ने मुकदमा संख्या दर्ज किया।
साइबर ठगी: गलत पहचान बताकर मोबाइल हैक किया, 2.26 लाख रुपए की धोखाधड़ी
चाकसू थाना क्षेत्र के सवाई माधो सिंह पुरा गांव निवासी हनुमान सैनी (37) के साथ 2 लाख 26 हजार रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। परिवादी हनुमान सैनी पुत्र ग्यारसी लाल सैनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गलत पहचान बताकर उनका मोबाइल फोन हैक किया और वित्तीय धोखाधड़ी की। पुलिस के अनुसार परिवादी ने घटना 8 अक्टूबर 2026 को रात 9:32 बजे की बताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी है।



















