लखनऊ। भारत के एक विशालतम कॉर्पोरेट समूह सहारा इंडिया परिवार के प्रबंध कार्यकर्ता और चेयरमैन सुब्रत रॉय सहारा जिन्हें प्यार से ‘सहाराश्री’ कहा जाता है, को हर क्षेत्र के लोगों से भावभीनी श्रद्धांजलियां प्राप्त हुई हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ ने सहाराश्री के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है जबकि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके निधन को राज्य और देश की भावनात्मक क्षति बताया क्योंकि सहाराश्री केवल एक सफल व्यवसायी ही नहीं, बल्कि एक बड़े हृदय के इंसान थे जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
सहाराश्री का निधन 14 नवंबर 2023 को रात 10:30 बजे मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट में दिल का दौरा पड़ने से हो गया था। सहाराश्री मेटास्टेटिक कैंसर, उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित थे। उनका पार्थिव शरीर 15 नवम्बर को लखनऊ लाया गया एवं 16 नवंबर को उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।