पिता ने आठ माह की बेटी की कैंची से गला रेतकर की हत्या

0
44

जयपुर। मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद एक पिता ने अपनी आठ माह की मासूम बेटी की कैंची से गला काटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वहीं वारदात के बाद आरोपी ने आत्महत्या का प्रयास भी किया। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपित पिता से पूछताछ करने में जुटी है।

थानाधिकारी उदयभान यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी सादाब (19) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसकी शादी जुलाई 2025 में मालपुरा गेट स्थित अंबेडकर कॉलोनी निवासी रूकसार बानो (19) से हुई थी। दंपती की आठ माह की बेटी सहनाज थी।

करीब छह दिन पहले सादाब पत्नी और बेटी को लेकर ससुराल अंबेडकर कॉलोनी आया था। 6 फरवरी सुबह करीब 10 बजे गांव वापस लौटने की बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। पत्नी द्वारा कुछ दिन और रुकने की बात कहने पर सादाब ने मारपीट की और उसका गला दबाने का प्रयास किया। इस दौरान साले सोहिल ने बीच-बचाव किया। जिससे आरोपी और भड़क गया।

बताया गया कि सादाब ने सोहिल के सिर पर स्टील की केतली से वार किया। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को छुड़ाया। इसी बीच आरोपी ने बेटी सहनाज को सोहिल की गोद से छीन लिया और कमरे में बंद हो गया।

कमरे के भीतर सादाब ने कैंची से बच्ची का गला काट दिया और शव को कंबल में छिपा दिया। इसके बाद उसने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर परिजनों और पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर आरोपी फंदे से लटका मिला। जिसे तुरंत नीचे उतारा गया। कमरे में तलाश करने पर बच्ची कंबल में लहूलुहान हालत में मिली।

परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। पत्नी रूकसार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी सादाब को गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पूछताछ जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here