बाइक खड़ी करने को लेकर दड़ा मार्केट में मारपीट

0
38

जयपुर। माणकचौक थाना क्षेत्र के दड़ा मार्केट में गुरुवार दोपहर बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। झगड़े के विरोध में व्यापारियों ने करीब दो घंटे तक बाजार की दुकानें बंद रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बाद में स्थिति सामान्य होने पर बाजार फिर से खोल दिया गया।

घटना दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। स्थानीय व्यापारी विष्णु शर्मा ने बताया कि उनकी दड़ा मार्केट में दुकान है। इसी दौरान एक युवक तेज गति से बाइक लेकर बाजार में आया और लगातार हॉर्न बजा रहा था। बाजार में भीड़ अधिक होने के कारण उन्होंने युवक को कई बार हॉर्न नहीं बजाने के लिए कहा। इस बात पर युवक गाली-गलौच करने लगा और दोनों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई।

विवाद बढ़ने पर कुछ युवक वापस आकर वहां मौजूद दुकानदारों से भी उलझ गए। इसी दौरान पास की दुकान पर बैठे सुरेश और उनके भाई भगवान दास बीच-बचाव करने पहुंचे और मामला शांत कराया।

व्यापारी विष्णु शर्मा के अनुसार कुछ देर बाद वही युवक चार-पांच साथियों के साथ वापस आया। पहले तो माफी मांगकर चला गया, लेकिन कुछ मिनट बाद फिर से लौटकर सुरेश गोधवानी और भगवान दास की दुकान में घुसकर उनके साथ मारपीट कर दी।

घायल भगवान दास के भाई सुरेश गोधवानी ने बताया कि वे केवल बीच-बचाव करने पहुंचे थे, लेकिन आरोपियों ने उनकी दुकान में घुसकर मारपीट की। हमलावरों में से एक युवक फैजान नाम का बताया जा रहा है, जो इसी बाजार में बुर्के की दुकान पर काम करता है।

मारपीट में भगवान दास के जबड़े में चोट आई है और उनका मेडिकल कराया गया है। घटना के विरोध में दड़ा मार्केट के व्यापारियों ने करीब दो घंटे तक दुकानें बंद रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बाद में समझाइश के बाद व्यापारियों ने दुकानें दोबारा खोल दीं।

माणकचौक थाना प्रभारी राकेश खयालिया ने बताया कि दड़ा मार्केट में झगड़े की सूचना मिली थी। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here